रिपोर्ट-हिना आज़मी
देहरादून. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रसिद्ध डीएवी पीजी कॉलेज (DAV PG College Dehradun) में इस बार नई शिक्षा नीति 2022 के तहत बीए, बीएससी और बीकॉम के नए सत्र की शुरुआत होने जा रही है. इसकी काउंसिलिंग अगले हफ्ते की जाएगी. वहीं, यूनिवर्सिटी की तरफ से कई विषयों का सिलेबस अभी तक नहीं भेजा गया है. अब सवाल यह है कि जब सिलेबस नहीं होगा तो छात्र कैसे पढ़ेंगे?
बीएससी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा विभूति मंडोला ने कहा कि इस बार नई शिक्षा नीति लागू हुई है. इस साल का सत्र जल्द ही शुरू होगा, लेकिन अब तक बॉटनी और केमिस्ट्री का सिलेबस नहीं आया है, जिसमें कुछ बदलाव हो सकते हैं. इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है.
डीएवी पीजी कॉलेज के उप-प्राचार्य डॉ. एसपी जोशी ने बताया कि इस वर्ष से बीए, बीएससी और बीकॉम की पढ़ाई नई शिक्षा नीति के तहत शुरू होनी है, जिसके लिए शिक्षकों और छात्रों की काउंसलिंग भी की जाएगी. उन्होंने बताया कि जल्द ही नए सत्र की शुरुआत कर दी जाएगी लेकिन अभी तक कई विषयों के पाठ्यक्रम कॉलेज तक नहीं पहुंच पाए हैं, इसीलिए जब तक नया पाठ्यक्रम उपलब्ध नहीं होता है तब तक पुराने तरीके से ही विषयों की बेसिक जानकारी दी जाएगी.
बता दें कि इस बार नई शिक्षा नीति के तहत छात्रों द्वारा एडमिशन के समय एक संकाय का चुनाव किया गया है जिसमें ऐसे मुख्य विषय लिए गए हैं, जिसका अध्ययन वह तीन वर्ष (6 सेमेस्टर) तक कर सकते हैं. वहीं, दूसरे और तीसरे वर्ष में तीसरे मुख्य विषय का चुनाव किसी भी संकाय से किया जा सकता है. नई शिक्षा नीति के तहत कई बदलाव शिक्षा प्रणाली में किए जाएंगे, लेकिन उससे पहले पाठ्यक्रम का होना बेहद जरूरी है, ताकि शिक्षकों को भी यह अंदाजा लग जाए कि बच्चों को किस तरह पढ़ाना है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Dehradun news, Uttarakhand Education Department, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : September 30, 2022, 12:55 IST
