Good News: देहरादून में यह विभाग मुफ्त में देगा प्रतियोगी परीक्षा की ट्रेनिंग, ऐसे करें अप्लाई…


देहरादून. उत्तराखंड के देहरादून स्थित एंप्लॉयमेंट ऑफिस में एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के युवाओं के लिए हिंदी टाइपिंग और सामान्य ज्ञान की मुफ्त ट्रेनिंग दी जाएगी. इसके लिए आवेदन मंगवाये जा रहे हैं. बता दें कि, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत संचालित शिक्षण एवं मार्गदर्शन केंद्र में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े जाति के वर्ग के बेरोजगार युवाओं के लिए छह माह का नि:शुल्क टंकण प्रशिक्षण जनवरी से शुरू हो जाएगा. इसके लिए 10 जनवरी तक इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. इसके साथ ही प्रतियोगी परिक्षाओं के लिए सामान्य ज्ञान की भी क्लास लगाई जाएगी.

सहायक रोजगार अधिकारी आर.के तिवारी ने इसकी जानकारी देते हुये कहा कि क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में 18 वर्ष से 30 वर्ष की आयु वर्ग के इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. 10 जनवरी, 2023 आवेदन की आखिरी तिथि होगी और 11 जनवरी को साक्षात्कार (इंटरव्यू) लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि हर साल युवाओं को नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसके बाद हमारे छात्र राज्य के सरकारी दफ्तरों में काम करते हैं.

अगर कोई अभ्यर्थी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या पिछड़ी जाति के वर्ग से ताल्लुक रखता है तो वो देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित कौशल विकास एवं सेवायोजन कार्यालय में जाकर आवेदन कर सकता है.

निःशुल्क ट्रेनिंग के लिए योग्यताएं

1. अभ्यर्थी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग से ताल्लुक रखता हो

2. अभ्यर्थी कम से कम इंटरमीडिएट परीक्षा पास कर चुका हो

3. हाई स्कूल, अंग्रेजी विषय के साथ उत्तीर्ण हो

4. अभ्यर्थी 18 वर्ष से 30 वर्ष की आयु का हो

ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|

FIRST PUBLISHED : December 20, 2022, 16:10 IST