Lok Sabha Elections 2024 Phase 5 Voting Live Updates: पांचवें चरण के चुनाव में सुबह 9 बजे तक 10.28% मतदान दर्ज
Indian General Election 2024 Phase 5: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का मतदान जारी
छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 49 लोकसभा सीट पर पांचवे चरण का मतदान जारी है. सुबह 9 बजे तक 10.28% मतदान दर्ज किया जा चुका है. पांचवें चरण के चुनाव के लिए प्रचार अभियान शनिवार की शाम समाप्त हो गया था. इस चरण में दो ‘हाई प्रोफाइल’ सीट रायबरेली और अमेठी में भी मतदान हो रहा है, जहां से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मैदान में हैं.
जम्मू-कश्मीर के बारामूला में 22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी चुनाव लड़ रहे हैं और उन्होंने चुनाव प्रचार के आखिरी दिन मध्य कश्मीर के सोइबग गांव में रोड शो किया. पूरे देश में तापमान बढ़ गया है, लेकिन चुनाव प्रचार की गर्मी में कोई कमी नहीं आई है.
पांचवें चरण में जिन सीट पर मतदान हो रहा है, उनमें से 40 से अधिक सीट राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास थी. महाराष्ट्र की 13, उत्तर प्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की सात, बिहार की पांच, झारखंड की तीन, ओडिशा की पांच और जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख की एक-एक सीट पर मतदान हो रहा है.
Live Updates :
पांचवें चरण के चुनाव में सुबह 9 बजे तक 10.28% मतदान दर्ज किया गया
मुंबई: आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने अपने परिवार संग वोट डाला. वोट डालने के बाद आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा, “जब हम वोट करते हैं तो बहुत गर्व महसूस होता है…मैं सबको अनुरोध करना चाहता हूं कि आप जल्द से जल्द जाकर अपना वोट डालें.”
राजकुमार राव ने वोट डाला
बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव ने मुंबई के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला.
अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने मुंबई के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला. वोट डालने के बाद उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, “…बाहर निकल कर मतदान करें…”
चुनाव आयोग ने भी मतदाताओं से की वोट करने की अपील
चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों पर आने तथा जिम्मेदारी और गर्व के साथ मतदान करने का आह्वान किया है.
पांचवें चरण के मतदान के तहत अभिनेता फरहान अख्तर और निर्देशक जोया अख्तर ने मुंबई के एक मतदान केंद्र वोट डाला.
यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती ने कहा, “मैंने मतदान कर दिया है…मैं सभी मतदाताओं से अपील करती हूं कि मतदान जरूर करें…मैं सभी राजनीतिक दलों से कहना चाहती हूं कि उनको जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए…”
अभिनेता अक्षय कुमार लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए वोट डालने के लिए मुंबई के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे.
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती ने लखनऊ के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला.
पांचवें चरण के मतदान में इन नेताओं की साख दांव पर
पांचवें चरण में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी समेत कई महत्वपूर्ण नेता व केंद्रीय मंत्री चुनाव लड़ रहे हैं.
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का मतदान शुरू हो चुका है. ओडिशा में 35 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ मतदान हो रहा है.
लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण का मतदान शुरू
लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण का मतदान शुरू हो चुका है. पांचवे चरण में छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 49 लोकसभा सीट पर वोट डाले जा रहे हैं.
पांचवे चरण का मतदान शुरू होने से पहले बिहार के एक मतदान केंद्र पर महिलाओं की लंबी कतार देखने को मिली.
Lok Sabha Election 5th phase voting day : पांचवे चरण में कई दिग्गज नेताओं की साख दांव पर
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में कई केंद्रीय मंत्री शामिल हैं जिनमें राजनाथ सिंह (लखनऊ, उत्तर प्रदेश), पीयूष गोयल (मुंबई उत्तर, महाराष्ट्र), साध्वी निरंजन ज्योति (फतेहपुर, उप्र) और शांतनु ठाकुर (बनगांव, पश्चिम बंगाल), लोजपा (रामविलास) के नेता चिराग पासवान (हाजीपुर, बिहार), शिवसेना के श्रीकांत शिंदे (कल्याण, महाराष्ट्र) और भाजपा के राजीव प्रताप रूडी तथा राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य (दोनों सारण, बिहार) शामिल हैं.
5th phase voting day : लेह और लद्दाख के मतदान केंद्र पर मॉक पोलिंग शुरू
माथो, लेह और लद्दाख: लद्दाख लोकसभा सीट के मतदान केंद्र क्रमांक 270, राजकीय उच्च विद्यालय मतदान केंद्र पर मॉक पोलिंग शुरू हुई.
यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने की वोटर्स से वोट डालने की अपील
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “लोकसभा चुनाव के पहले चार चरण अद्भुत रहे हैं. बीजेपी के नजरिए से देखें तो हम 270 से ज्यादा सीटें जीत चुके हैं. चुनाव के पांचवें चरण में, मुझे विशेषकर रायबरेली सहित यूपी की 14 सीटों पर भाजपा के लिए एकतरफा समर्थन दिख रहा है… मैं सभी से आग्रह करता हूं कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें… यह चुनाव ऐतिहासिक है.
पांचवें चरण के तहत आज उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर मतदान होगा. रायबरेली लोकसभा सीट के संशिक्षा क्रिएटिव स्कूल मतदान केंद्र पर मॉक पोलिंग शुरू हुई.
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, “लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में आज 8 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 49 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे. इस चरण के सभी मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि वे अपना वोट जरूर डालें और मतदान का एक नया रिकॉर्ड बनाएं. महिला और युवा वोटरों से मेरी यह विशेष अपील है कि लोकतंत्र के इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें.”
लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण का मतदान आज
छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 49 लोकसभा सीट पर आज पांचवें चरण के तहत वोट डाले जाएंगे.