Nainital: बिना किसी प्रवेश परीक्षा के IGNOU में मिलेगा MBA में एडमिशन, जानें प्रोसेस
हिमांशु जोशी/नैनीताल.अगर आप भी MBA करने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) की तरफ से अब एमबीए प्रोग्राम को पूरी तरह से री-डिजाइन किया गया है. अब इस प्रोग्राम में प्रवेश लेना और भी आसान हो गया है. इस कोर्स में एडमिशन के लिए अब कोई भी एंट्रेंस एग्जाम देने की जरूरत नहीं है. प्रवेश के लिए ग्रेजुएशन में कम से कम 50 फीसदी अंकों के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. आरक्षित श्रेणी के लिए यह 45 फीसदी रखा गया है. यह प्रोग्राम एआईसीटीई यानि ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (AICTE) से मान्यता प्राप्त है. अलग-अलग उद्योग जगत में काम करने या फिर उसमें रुचि रखने वाले लोगों के लिए यह कोर्स उपयोगी साबित होगा.
IGNOU के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने बताया कि इस कार्यक्रम की कम से कम अवधि 2 साल है और अधिकतम 4 साल है. यह कोर्स पांच स्ट्रीम में उपलब्ध है जिसमें- ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट, फाइनेंसियल मैनेजमेंट, ऑपरेशन्स मैनेजमेंट, मार्केटिंग मैनेजमेंट और सर्विस मैनेजमेंट शामिल हैं. यह कोर्स ऑनलाइन और डिस्टेंस दोनों ही मोड में हैं. इस प्रोग्राम में कुल चार सेमेस्टर हैं और हर एक सेमेस्टर में कुल 7 कोर्स हैं और 116 क्रेडिट हैं. इस प्रोग्राम का शुल्क 15,500 रुपये प्रति सेमेस्टर है. इस नई व्यवस्था का बड़ी संख्या में छात्रों के लाभ लेने की संभावना जताई जा रही है.
पहली बार की गई ये व्यवस्था
डीएसबी कैंपस इग्नू में बतौर असिस्टेंट काम कर रहे नंदा बल्लभ पालीवाल का कहना है कि पहली बार बिना एंट्रेंस एग्जाम के इग्नू में एमबीए कोर्स के लिए एडमिशन हो रहे हैं. इस कोर्स में दाखिले के लिए लास्ट डेट 30 सितंबर है. इसके लिए https://ignouadmission.samarth.edu.in/ लिंक पर जाकर एडमिशन के लिए अप्लाई किया जा सकता है. ज्यादा जानकारी के लिए आप दिए गए नंबर पर कॉल कर सकते हैं- 0135- 2789200
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Nainital news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : September 27, 2022, 20:49 IST