NDA टॉपर शिवराज सिंह पछाई पहुंचे अपने गांव, गांव वालों ने आरती उतार मनाया जश्न


हिमांशु जोशी/ पिथौरागढ़. एनडीए प्रवेश परीक्षा (NDA 2023 Results) में भारत में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विकास खंड मुनस्यारी के ग्राम पंचायत क्वीरी जीमिया निवासी शिवराज सिंह पछाई (Shivraj Singh Pachhai NDA Topper 2023) परीक्षा पास करके अपने गांव पहली बार पहुंचे. जिस पल को गांव वालों ने एक त्योहार की तरह शिवराज और उसके परिवार की पूजा करके मनाया. ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़े बजाते हुए नाच-गाने के साथ शिवराज को उसके घर से स्वागत करते हुए विद्यालय लेकर आए. इसी स्कूल से शिवराज ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की थी.

शिवराज सिंह पछाई के टॉपर बनने के बाद इस दुर्गम इलाके के लोग काफी खुश दिखे. हर घर से लोग शिवराज के लिए माला लेकर आए थे. शिवराज के पिता भगत सिंह पछाई और माता धाना देवी पछाई का भी जोरदार स्वागत किया गया. महिलाओं ने शिवराज सहित उसके परिवार की आरती उतारी. पारम्परिक वेशभूषा में महिलाओं ने लोकनृत्य भी किया. शिवराज ने वीडियो के माध्यम से बताया कि यह उनका चौथा प्रयास था. बार-बार परीक्षा में किसी वजह से रह जाने के बाद भी अभिवावकों ने उनका हौसला टूटने नहीं दिया और चौथे प्रयास में उन्होंने यह सफलता हासिल कर ली.

बच्चों की परवरिश पर ध्यान देने की जरूरत

शिवराज वर्तमान में सैनिक स्कूल घोड़ाखाल से शिक्षा ले रहे थे. शिवराज के पिता भगत सिंह पछाई ने कहा कि अभिभावक अगर संवेदनशील होकर बच्चों की परवरिश करें, तो हर बच्चा शिवराज बन सकता है. उन्होंने बच्चों के लिए अच्छा वातावरण दिए जाने की बात कही. इस ग्राम पंचायत के पूर्व ग्राम प्रधान और सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र सिंह देवा ने कहा कि आज गांव का नाम पूरे देश के नक्शे में आ गया. इसका श्रेय शिवराज को जाता है. उन्होने कहा कि हमें अपने परिवारों का माहौल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल बनाना होगा.

शिवराज की उपलब्धि गांव के लिए अहम

मुनस्यारी का क्वीरी जीमिया गांव दुर्गम इलाकों में गिना जाता है. NDA टॉपर शिवराज की उपलब्धि का जश्न गांव वालों के लिए इस मायने में भी अहम था क्योंकि इससे गांव को एक नई पहचान मिली है, जिसे गांव वालों ने त्योहार के रूप में मनाया और वे अपने बच्चों को अच्छी परवरिश देने की ओर प्रेरित भी हुए.

Tags: Local18, Pithoragarh news, Uttarakhand news

By admin

Leave a Reply