Last Updated:
UK Weather Report In March : मार्च में ही उत्तराखंड में गर्मी का एहसास होने लगा है. देहरादून में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है, जो आठ साल में सबसे अधिक है. वैज्ञानिक जलवायु परिवर्तन को बढ़ती गर्मी का कारण म…और पढ़ें
राजधानी देहरादून में मार्च में ही मई जैसी गर्मी
हाइलाइट्स
- देहरादून में तापमान 8 साल का रिकॉर्ड तोड़ा.
- 22 मार्च के बाद उत्तराखंड में गर्मी और बढ़ेगी.
- जलवायु परिवर्तन को बढ़ती गर्मी का कारण माना जा रहा है.
देहरादून : उत्तराखंड अपनी हसीन वादियों, ठंडी हवाओं और सुहाने मौसम के लिए जाना जाता है. पहाड़ों में जब बर्फबारी होती है, तो निचले इलाकों में हल्की ठंडक महसूस होती है. लेकिन इस साल मौसम ने कुछ अलग ही करवट ले ली है. मार्च के महीने में ही राज्य के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ने लगा है. पहाड़ों में इन दिनों ठंड कम हो गई है और मैदानों में गर्मी का प्रकोप साफ महसूस किया जा रहा है. खासकर देहरादून और आसपास के मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है. सुबह से ही तेज़ धूप चुभने लगी है और दोपहर तक गर्मी असहनीय होती जा रही है.
बीते हफ्ते के शनिवार के ही आकंड़ों पर नज़र डाले तो देहरादून का (Dehradun Temperature) अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा था. वहीं, न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा. यह 2016 के बाद का सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान है. 2016 में इसी दिन न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री दर्ज किया गया था. यानी इस बार दून के तापमान ने आठ साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ (Temperature Record) दिया है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है. धीरे-धीरे तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार तक पहुंचने की आशंका है.
22 मार्च के बाद और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस साल तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है. इसका प्रमुख कारण जलवायु परिवर्तन (Climate Change) और मौसम का बदलता पैटर्न है. ग्लोबल वार्मिंग (Global Warming) के कारण उत्तराखंड समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम में अप्रत्याशित बदलाव देखने को मिल रहे हैं. मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि देखने को मिलेगी. खासकर 22 मार्च के बाद तापमान में अचानक इजाफा हो सकता है, जिससे गर्मी का असर और बढ़ जाएगा.
मार्च में गर्मी के किए कड़े तेवर
पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक, हर जगह गर्मी के तेवर साफ देखे जा सकते हैं. सुबह 9 बजे ही तेज धूप महसूस हो रही है और दोपहर होते-होते गर्मी का असर और भी बढ़ रहा है. बाजारों में लोगों ने गर्म कपड़े छोड़ हल्के कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं. खासकर स्कूली बच्चे और ऑफिस जाने वाले लोग इस बदले मौसम से प्रभावित हो रहे हैं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह ट्रेंड आगे भी जारी रह सकता है.
इन बातों का भी रखें ध्यान
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, हल्के और सूती कपड़े पहनें और धूप में जाने से बचें. इसके अलावा, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि मौसम में अचानक बदलाव से बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है.
Dehradun,Uttarakhand
March 19, 2025, 13:58 IST
22 मार्च के बाद उत्तराखंड में और बढ़ेगी गर्मी…शनिवार को टूटा 8 साल का रिकॉर्ड
