अब नहीं जाना होगा गोवा…श्रीनगर गढ़वाल में लें जेट स्कीइंग और स्पीड बोट का मजा


कमल पिमोली/श्रीनगर गढ़वाल.जेट स्की और स्पीड बोटिंग (मोटर बोट) का मजा लेने के लिए अब आपको गोवा या फिर उत्तराखंड के टिहरी जाने की जरूरत नहीं है. पौड़ी जिले के श्रीनगर गढ़वाल में ही आप अलकनंदा नदी की लहरों के साथ रोमांच का लुत्फ उठा सकते हैं. इसके लिए स्थानीय प्रशासन की पहल पर बोटिंग और जेट स्कीइंग यहां शुरू की गई है. श्रीनगर से महज 6 किलोमीटर दूर रुद्रप्रयाग की ओर अलकनंदा नदी पर बने जीवीके जल विद्युत परियोजना की झील में स्थानीय युवाओं द्वारा स्वरोजगार अपनाते हुए वॉटर स्पोर्ट्स शुरू किए गए हैं.

इसमें बोटिंग व जेट स्कीइंग शामिल है. अलकनंदा नदी पर बनी झील में बोटिंग शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों में उत्साह देखा जा रहा है.यहां जीवीके डैम से लेकर धारी देवी कलियासौड़ तक बोटिंग और जेट सकीइंग का आनंद लिया जा सकता है. बड़ी संख्या में जेट स्कीइंग करने के लिए यहां युवा पहुंच रहे हैं. संचालक सौरभ पंवार बताते हैं कि यहां से टिहरी की दूरी 80 से 85 किलोमीटर के करीब है. बोटिंग या जेट स्कीइंग के शौकीन लंबी दूरी तय कर टिहरी झील पहुंचते हैं.

अलकनंदा नदी पर जीवीके जल विद्युत परियोजना की झील भी स्पीड बोट और जेट स्की के संचालन के लिए उपयुक्त है. सौरभ ने कहा कि श्रीनगर एजुकेशन हब होने के साथ ही गढ़वाल क्षेत्र के मुख्य शहरों में से एक है. साथ ही यह चारधाम यात्रा का भी मुख्य पड़ाव है. बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं. लिहाजा जरूरत को महसूस करते हुए उनके द्वारा यह प्रयोग किया गया है, जो अब सफल होता दिख रहा है.

टूरिज्म हब के रूप में हो रहा डेवलप
स्पीड बोट और जेट स्की पर सैलानियों को अलकनंदा नदी की लहरों पर करतब कराने वाले साहिल बताते हैं कि धीरे-धीरे श्रीनगर गढ़वाल एजुकेशन हब के साथ साथ टूरिज्म हब के रूप में भी मशहूर हो रहा है. इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा, साथ ही जिले में साहसिक खेलों को भी बढ़ावा मिलेगा.

.

FIRST PUBLISHED : November 28, 2023, 16:16 IST