कमल पिमोली/श्रीनगर गढ़वाल. जहां पर्वतीय क्षेत्रों में लडकियां खो-खो, कबड्डी, या दौड़ जैसे खेलों तक ही सीमित हैं. तो वहीं अब स्थानीय लोगों की पहल पर अब इन बालिकाओं को क्रिकेट का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. साथ ही क्रिकेट खेल के प्रति रूचि रखने वाली लड़कियों को संसाधन भी उपलब्ध कराये जा रहे हैं. जिससे कि ये लड़कियां भी क्रिकेट के क्षेत्र में अपना भविष्य बना सके. इसके लिए श्री नगर से सटे कीर्तिनगर ब्लॉक के रानीहाट में तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. इस प्रतियोगिता की खासियत यह है कि इसमें केवल लड़कियां ही प्रतिभाग कर सकती हैं.
क्रिकेट के प्रति जितनी दिवानगी भारत के लोगों में है, उतनी शायद ही कहीं ओर देखने को मिलता है. क्रिकेट का खुमार देशवासियों के सिर चढ़कर बोलता है. पहाड़ में भी क्रिकेट के प्रति युवाओं में प्रेम दिखता है. उत्तराखंड के कई खिलाड़ी आज क्रिकेट के क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रहे हैं. इनमें ऋषभ पंत, आयुष बडोनी, अनुज रावत, एकता बिष्ट समेत कई खिलाड़ी आईपीएल से लेकर भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रहे हैं. क्रिकेट के प्रति स्कूली बालिकाओं की रुचि को देखते हुए हर साल श्रीनगर के रानीहाट में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है.
बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में 14 टीमें कर रही प्रतिभाग
कीर्तिनगर के रानीहाट में हो रहे तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 14 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं. इसमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रेनबो पब्लिक स्कूल, भगवती मेमोरियल, जीआईसी धद्वी घंडियाल आदि स्कूलों से टीमें पहुॅची है. बीते कई सालों से जगत विहार खेल मैदान में बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन करते आ रहे पत्रकार व सामाजिक कार्यकर्ता देवेन्द्र गौड़ बताते हैं कि क्रिकेट अंर्तराष्टीय स्तर पर विशेष पहचान रखता है.
कहा कि महिला किक्रेट में पहाड़ की बालिकाएं भी अपना हुनर दिखा सके इसके लिए उनके द्वारा माध्यमिक स्तर से ही बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाता आ रहा हॅै. यह आयोजन इसी तरह चलता रहेगा. देवेन्द्र गौड़ आगे बताते हैं कि जब उन्होनें बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरूआत की थी उस दौरान स्कूल के प्राचार्य, अभिभावक अपनी बालिकाओं को क्रिकेट खेलने के लिए भेजने में संकोच करते थे.
लेकिन अब स्थिति यह है कि इस बार 50 से अधिक स्कूलों ने उनसे प्रतियोगिता को लेकर संपर्क किया, लेकिन उनके पास 14 टीमों की ही व्यवस्था थी जिस कारण अन्य टीमों को इस बार बाहर रखा गया है. प्रति वर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है, साथ ही छात्राओं को प्रशिक्षण भी दिया जाता है.
परिजन करे सपोर्ट तो क्रिकेट में बनाएंगे करियर
आईपीएल की तर्ज पर हो रहे इस क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. जीजीआईसी में दसवीं की छात्रा पुष्पा बताती है कि उसे क्रिकेट काफी पसंद है. वह क्रिकेट के वनडे मैच व आईपीएल दोनों देखती है. पुष्पा बताती है कि अगर उसके परिवार वाले उसे सपोर्ट करे तो वह क्रिकेट में अपना करियर बनाना चाहती है.
क्रिकेट के प्रति लगाव ही है कि वह इस प्रतियोगिता के लिए बीते लंबे समय से तैयारी कर रही थी. वहीं प्रतियोगिता में आई अन्य बालिकायें भी इस बात से खुश है कि उनके लिए क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है. जिसमें वें प्रतिभाग कर अपने सपनों को उड़ान भर सकती हैं.
.
Tags: Local18, Pauri Garhwal News, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : August 29, 2023, 00:03 IST
