मथुरा. डासना देवी मंदिर (Dasana Devi Mandir) के महंत यति नरसिंहानंद सरस्वती एक और बयान को लेकर फिर सुर्खियों में हैं. मथुरा पहुंचे यति नरसिंहानंद ने कहा, ‘वो सारे के सारे मुस्लिम जिहादी हैं, जो मोहम्मद और कुरान में विश्वास रखते हैं.’ इस बयान को एक समुदाय विशेष की आस्था पर जहां सीधे तौर पर हमला माना जा रहा है, वहीं यह भी बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में वृंदावन के गोवर्धन धाम में जो धर्म संसद (Dharma Sansad) होने जा रही है, उसकी भूमिका तैयार करने के मकसद से ये यति नरसिंहानंद ऐसे बयान दे रहे हैं.
यति नरसिंहानंद से मीडिया ने जब इस बयान के बारे में बातचीत की, तो उन्होंने कहा कि मुस्लिमों से उन्हें कोई चिढ़ नहीं है, ‘लेकिन जो लोग मोहम्मद को मानते हैं या कुरान को, वो सभी जिहादी हैं. हम चाहते हैं कि ये लोग आतंकवाद का रास्ता छोड़कर मनुष्यता का दामन थामें, तो हम दोनों बांहें फैलाकर इनका स्वागत करें.’ अपने बयानों के चलते अक्सर विवादों में रहने वाले नरसिंहानंद पिछले कुछ दिनों से लगातार विवादास्पद बयान देकर चर्चा में बने हुए हैं.
विवादों में रहे नरसिंहानंद के हालिया बयान
गुरुवार को गोवर्धन स्थित गिरिराज तलहटी पहुंचे महंत ने कहा था, हिंदुओं को ज़्यादा से ज़्यादा से बच्चे पैदा करने चाहिए, वर्ना देश हिंदू विहीन हो जाएगा और 2029 में देश का प्रधानमंत्री भी कोई मुस्लिम बन जाएगा. उन्होंने पिछले दिनों दिल्ली में भी ऐसा ही बयान दिया था, जिसे लेकर उनके खिलाफ एफआईआर हुई थी. मथुरा में शुक्रवार को फिर उन्होंने यह बयान दोहराते हुए कहा :
‘हिंदुओं को ज़्यादा से ज़्यादा बच्चे पैदा करने चाहिए. अगर कोई 15 बच्चे पैदा कर सके, तो हम उसे संत महात्मा घोषित कर देंगे.’ नरसिंहानंद ने एक बार फिर आत्मरक्षा के लिए हिंदुओं का आह्वान किया. हरिद्वार की धर्म संसद से विवादास्पद हो चुके नरसिंहानंद ने इससे पहले दिल्ली में कहा था, अगर कोई मुस्लिम देश का प्रधानमंत्री बना, तो हिंदुओं की हत्या या धर्म परिवर्तन करवा दिया जाएगा. इस पर उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज किया था.
संतों ने किया बयानों से किनारा
मथुरा में दिए ताज़ा बयान को लेकर संत समाज ने नरसिंहानंद के बयानों से किनारा करते हुए कहा कि वह अपने स्तर पर ही इस तरह की बातें करते हैं. हालांकि संतों ने यह ज़रूर कहा कि हिंदू समाज को आत्मरक्षा के लिए एकजुट होने की ज़रूरत है. लेकिन नरसिंहानंद के भड़काने वाले बयानों का समर्थन वृंदावन के साधु संतों ने नहीं किया.
आपके शहर से (मथुरा)
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Hate Speech, Uttar pradesh news










