सोनिया मिश्रा/ चमोली. कहते हैं कि अगर हौसले मजबूत हों तो मुश्किल से मुश्किल राह भी आसान हो जाती है, बशर्ते उसके लिए कड़ी मेहनत और जुनून जरूरी है. ऐसी ही कहानी है उत्तराखंड के पीयूष पंत की. चमोली जिले के नौली तल्ली ग्राम पंचायत ढुंग ल्वाली (कर्णप्रयाग) के पीयूष का चयन एनडीए (NDA) में हुआ है. 2013 में पीयूष के पिता विनोद पंत का निधन हो गया था. परिवार में पीयूष, उनकी दो बहनें, मां और दादी हैं. पिता के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो गई. उनकी मां बीना देवी ने परिवार की गुजर बसर के लिए कर्णप्रयाग में आया की नौकरी करने के साथ दूध बेचना शुरू किया और तीनों बच्चों (रिया, पिया और पीयूष) का भरण पोषण किया.
पीयूष पंत की पढ़ाई कर्णप्रयाग के श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन (SGRR) से हुई है. एसजीआरअर के चेयरपर्सन महंत देवेंद्र दास महाराज और स्कूल के प्रिंसिपल बुद्धि बल्लभ डोभाल ने बताया कि पीयूष पढ़ाई में हमेशा से ही अव्वल रहा था. उसने 2023 में 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 94.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में दूसरा स्थान हासिल किया था. इसके बाद अब पीयूष की मेहनत और शिक्षकों के सहयोग के कारण उसका एनडीए में सलेक्शन हुआ है. पीयूष उन सभी बच्चों के लिए प्रेरणा है, जिन्हें अपने आप और अपनी मेहनत पर भरोसा है.
तीनों बच्चों ने पाया मुकाम
पीयूष की दादी असाड़ी देवी ने कहा कि बच्चों के सिर से पिता का साया उठने के बाद हालात बहुत खराब हो गए थे. उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि उन्हें करना क्या है, लेकिन आज रिया आईटीबीपी, पिया बीएसएफ और हमारा पीयूष एनडीए में निकल गया है. यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है.
अनजान शख्स ने की थी मदद
पीयूष की मां बीना देवी ने कहा कि एक अजनबी इंसान की बदौलत आज मेरे तीनों बच्चों ने मंजिल पाई है. वह शख्स चमोली जिले के पोखरी ब्लॉक के त्रिशुला गांव के रिटायर्ड पीडब्ल्यूडी अफसर रघुनाथ सिंह नेगी थे, जो अब देहरादून के विकासनगर में रहते हैं. रघुनाथ कहते हैं कि 2013 में पीयूष अपनी बहनों के साथ उन्हें सड़क पर जाते हुए दिखा था. उन्होंने बच्चों के बारे में पता किया कि कौन हैं, तो किसी ने कहा कि बच्चे अनाथ हैं. उसके बाद बच्चों से बातचीत शुरू की. उनकी पारिवारिक स्थिति का पता चला. तीनों बच्चों में उन्हें कुछ करने का जज्बा दिखा था, इसलिए जितना संभव हो सका मैंने उनकी मदद करने की कोशिश की. वह कहते हैं कि आज तीनों ही बच्चों ने न सिर्फ अपने परिवार का बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है.
.
Tags: Government job, Local18, Success Story, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : January 8, 2024, 13:00 IST
