देहरादून. उत्तराखंड की राजनीति से बड़ी खबर है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चंपावत सीट से विधानसभा उप चुनाव लड़ सकते हैं. हालांकि खबर सूत्रों के हवाले से है, लेकिन दिल्ली से देहरादून तक जो सियासी हलचलें हैं, उनके आधार पर माना जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी जल्द ही आधिकारिक तौर पर भी इसकी घोषणा कर सकती है. सीएम धामी के दिल्ली दौरे के फ़ौरन बाद चंपावत विधायक कैलाश गहतोड़ी के साथ ही ज़िलाध्यक्ष और ज़िला महामंत्री को भी बीजेपी ने देहरादून बुला लिया है.
कैलाश गहतोड़ी ही वह विधायक हैं, जिन्होंने सबसे पहले धामी के लिए अपनी सीट छोड़ने की पेशकश की थी. उनके बाद भाजपा के 6 से 7 विधायकों के साथ ही कांग्रेस के हरीश धामी और निर्दलीय उमेश कुमार ने भी धामी के लिए अपनी सीट छोड़ने की बात कही थी. अब कहा जा रहा है कि धामी ने चंपापत सीट के लिए अपना मन बनाया है और हाईकमान ने भी इस पर सहमति दे दी है. सूत्रों की मानें तो यह घोषणा गहतोड़ी के इस्तीफे के साथ ही हो सकती है, लेकिन धामी अभी तक यही कह रहे हैं कि पार्टी ही इस पर फैसला करेगी.
कैसे फाइनल हुई चंपावत सीट?
भाजपा ने हालिया विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की कुल 70 में से 47 सीटें जीती थीं, लेकिन धामी अपनी सिटिंग सीट खटीमा से चुनाव हार गए. चूंकि चंपावत सीट खटीमा से बहुत करीब है, यहां बीजेपी दो बार जीत चुकी है और यहां जातिगत समीकरण भी बीजेपी की रीति नीति के हिसाब से फिट बैठते हैं इसलिए माना जा रहा है कि यहां से धामी के लड़ने के बारे में एक राय कायम हो चुकी है.
इसका एक संकेत इस तरह भी मिल रहा है कि देहरादून पहुंचकर गहतोड़ी ने चंपावत ज़िले के भाजपा पदाधिकारियों के साथ मिलकर कार्यकर्ताओं की बैठकें कीं और आधिकारिक तौर पर एक प्रस्ताव बनाकर पार्टी मुख्यालय में सौंपा. बताया जा रहा है इस प्रस्ताव में गहतोड़ी ने सीट छोड़ने की पेशकश औपचारिक तौर पर की है. अब प्रक्रिया के मुताबिक गहतोड़ी विधानसभा से इस्तीफा देंगे, तब धामी के चंपावत से उपचुनाव लड़ने का रास्ता साफ होगा.
आपके शहर से (देहरादून)
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Pushkar Singh Dhami, Uttarakhand BJP, Uttarakhand politics









