उत्तराखंड फिल्मसिटी: देवभूमि में Film Industry के लिए बड़ा प्लान, निर्माण के साथ फिल्म एजुकेशन पर भी विचार


नई दिल्ली. फिल्मकारों के लिए शूटिंग के लिहाज़ से हसीन लोकेशनों का गढ़ रहे उत्तराखंड ने अपनी खुद की फिल्मसिटी बनाने की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं. राज्य सरकार के अधिकारियों को बड़ा काम यह सौंपा जा चुका है कि वो इस प्रोजेक्ट के लिए एक बढ़िया और मुफीद ज़मीन की तलाश करें. अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो कुछ ही समय में उत्तराखंड में न केवल एक फिल्मसिटी होगी बल्कि फिल्म ट्रेनिंग संस्थान जैसे विकल्प भी मौजूद हो सकते हैं.

विशेष प्रमुख सचिच अभिनव कुमार ने बीते मंगलवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के सूचना विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की. जारी की गई सूचना के अनुसार कुमार ने उत्तराखंड के अधिकारियों से राज्य में फिल्म इंडस्ट्री के संबंध में इन्फ्रास्ट्रक्चर, फिल्म प्रोडक्शन और शूटिंग की बुनियादी सुविधाओं आदि के बारे में एक एक्शन प्लान तैयार करने को कहा. विस्तृत प्लान में लोकल फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए विचार करने को भी कहा गया.

फिल्म ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट भी आएगा उत्तराखंड!
कुमार ने धामी सरकार के अफसरों को ये निर्देश भी दिए कि किसी राष्ट्रीय स्तर के फिल्म प्रशिक्षण संस्थान के साथ रायशुमारी करने के बाद उत्तराखंड में उसकी ब्रांच को लेकर हल निकाला जाए. इसके अलावा, उत्तराखंड की यूनिवर्सिटियों में किस तरह फिल्मों और फिल्म निर्माण से जुड़े विषयों को कोर्स में शामिल किया जा सकता है? उन्होंने इस बारे में भी दिशा दिखाई.

‘मोबाइल थिएटर को भी दिया जाए बढ़ावा’
सोशल मीडिया के ज़माने में कई कलाकार स्थानीय संस्कृति को परदे पर लाने के लिए भी कदम बढ़ा रहे हैं. इस ट्रेंड को ध्यान में रखते हुए कुमार ने यह भी कहा कि पहाड़ी और बॉर्डर इलाकों में मोबाइल थिएटर के लिए सब्सिडी देने के बारे में योजना तैयार की जाए. ताकि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय फिल्म उत्सवों में स्क्रीनिंग के लिए जाने वाली स्थानीय भाषाओं पर आधारित फिल्मों को बढ़ावा दिया जा सके.

गौरतलब है कि हिंदी सिनेमा का उत्तराखंड के साथ लगाव दशकों पुराना रहा है. बिमल रॉय की मधुमती से लेकर नये दौर की कुछ फिल्में जैसे केदारनाथ, बत्ती गुल मीटर चालू और पान सिंह तोमर की कहानियां या ​फिल्मांकन उत्तराखंड में हुआ है. पिछले दिनों आई फिल्म कश्मीर फाइल्स का बड़ा हिस्सा भी राज्य में शूट हुआ था. साथ ही, उत्तराखंड सरकार भी राज्य में फिल्मकारों को शूटिंग के लिए आमंत्रित करने में दिलचस्पी दिखाती रही है.

Tags: Film city, Uttarakhand Government

By admin

Leave a Reply