पवन सिंह कुंवर/ हल्द्वानी. MBPG कॉलेज उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल का सबसे बड़ा डिग्री कॉलेज है. कुमाऊं यूनिवर्सिटी ने छात्रसंघ चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है. नवंबर के पहले सप्ताह में छात्रसंघ चुनाव पूरा कर लिया जाएगा. एमबीपीजी कॉलेज प्रशासन ने चुनाव के लिए कमर कस ली है. 7 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और देर शाम नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे.
कुमाऊं का यह महाविद्यालय राजनीति में अपना भविष्य देखने वालों का स्कूल है, जहां से निकलकर नेता विधानसभा और लोकसभा की दहलीज तक पार करते हैं. कॉलेज में चुनावी रंग अब तेजी से दिखने लगा है. सभी प्रत्याशी सुबह से लेकर देर रात तक कॉलेज के बाहर नजर आ रहे हैं और छात्रों को रिझाने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं. चुनाव की तिथि घोषित होते ही एमबीपीजी कॉलेज पूरी तरह से चुनावी रंग में रंग गया है.
अब हर रोज चुनावी रैलियों के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन होने लगा है. कॉलेज परिसर के साथ-साथ सड़कों पर भी प्रत्याशियों और समर्थकों का सैलाब उमड़ने लगा है. एमबीपीजी कॉलेज में इस बार अध्यक्ष पद पर भले ही केवल दो प्रत्याशी हैं, मगर उपाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर चुनाव लड़ने की होड़ मची है. उपाध्यक्ष पद पर 6, विवि प्रतिनिधि पद पर 4, छात्रा उपाध्यक्ष, सचिव, उपसचिव और कोषाध्यक्ष पद पर दो-दो प्रत्याशी मैदान में हैं.
ABVP और निर्दलीय में मुकाबला
एमबीपीजी कॉलेज के अध्यक्ष पद पर सबकी नजरें हैं. इस साल NSUI ने अपना अध्यक्ष प्रत्याशी घोषित नहीं किया है. वहीं ABVP ने सूरज रमोला को टिकट दिया है. सूरज का मुकाबला निर्दलीय उम्मीदवार संजय जोशी हैं. सूरज रमोला ने कहा कि पिछले साल एबीवीपी के टिकट पर दो लोग चुनाव लड़ना चाह रहे थे. एक को टिकट मिला, तो दूसरे ने निर्दलीय चुनाव लड़ा आए उसकी जीत हुई, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा. इस बार एबीवीपी की ओर से सिर्फ एक वही दावेदार थे. उन्हें टिकट मिला है और उन्हें भरोसा है कि कॉलेज के विकास के लिए छात्रों का वोट उन्हें जरूर मिलेगा और वह विजयी होंगे. सूरज ने कहा कि वह लगातार छात्रों के हितों में काम करते आए हैं और आगे भी वह छात्रों के लिए काम करते रहेंगे.
1294 मतों से जीती थीं रश्मि लमगड़िया
वहीं निर्दलीय प्रत्याशी संजय जोशी ने कहा कि वह लगातार कॉलेज और छात्रों के हितों में कार्य करते आ रहे हैं. उन्हें पूरा विश्वास है कि इस बार छात्र उनका साथ देंगे और वह जरूर भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे. गौरतलब है कि पिछले साल निर्दलीय प्रत्याशी रश्मि लमगड़िया ने 1294 मतों से जीत दर्ज की थी. उंस चुनाव में एबीवीपी और एनएसयूआई के दोनों अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों को करारी हार का सामना करना पड़ा था.
.
Tags: Haldwani news, Local18, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : November 1, 2023, 24:12 IST
