UP के गोरखनाथ मठ में हमले का असर, उत्तराखंड के मंदिरों में हाई अलर्ट, धामी सरकार ने बढ़वाई सुरक्षा
रिपोर्ट – पुलकित शुक्ला
हरिद्वार. उत्तर प्रदेश में गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मठ में मुर्तजा अब्बासी नामक युवक द्वारा हथियार लेकर घुसने और पीएसी जवानों पर हमला करने के मामले के बाद उत्तराखंड सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है. नवरात्रि का उल्लास और रमज़ान का त्यौहार चूंकि एक साथ चल रहे हैं और ऐसे में सांप्रदायिक माहौल खराब न हो, इसलिए उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य में अलर्ट घोषित करते हुए सभी प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा के इंतज़ाम पुख्ता किए जा रहे हैं. जोशी ने यह बात अपने हरिद्वार प्रवास के दौरान कार्यक्रमों के दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए कही.
राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार के मंत्री जोशी ने गोरखनाथ मंदिर में किए गए हमले की निंदा करते हुए इसे विदेशी ताकतों का षड्यंत्र बताया. जोशी ने कहा कि ऐसे हमलों के खिलाफ समाज को एक होने की ज़रूरत है.
राज्य के सभी मठों-मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
उन्होंने बताया कि सीएम धामी ने राज्य के सभी मंदिरों को हाई अलर्ट करते हुए सभी मठों, मंदिरों में सुरक्षा बढ़ाने के इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं. जोशी के साथ ही अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के प्रमुख महंत रविंद्र पुरी ने भी गोरखनाथ हमले की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार की जांच में जल्द ही सामने आएगा कि इसके पीछे सच क्या था.
साधु-संतों से मिले कैबिनेट मंत्री
उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने हरिद्वार दौरे पर जगतगुरु शंकराचार्य राजराजेश्वरानंद और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत पुरी से मुलाकात की. इससे पहले वह पतंजलि योगपीठ के एक कार्यक्रम में भी शामिल हुए. हर की पैड़ी पर जोशी ने गंगा पूजन भी किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी सरकार किसान, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम कर रही है. साल 2025 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा.
पहाड़ से पलायन गंभीर समस्या
जोशी ने पहाड़ से पलायन जैसी गंभीर समस्या पर कहा कि पहाड़ के किसानों की फसल का उचित मूल्य दिलाया जाएगा. पहाड़ के किसानों को आधुनिक कृषि के तरीके सिखाए जाएंगे. साथ ही उन्होंने बताया कि 2023 के अंत तक देहरादून में उनका ड्रीम प्रोजेक्ट ‘सैन्य धाम’ पूरा हो जाएगा. उन्होंने साफ तौर पर हिदायत दी कि उत्तराखंड में बेईमान अफसरों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
आपके शहर से (गोरखपुर)
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Gorakhnath Temple Attack, Uttar pradesh news, Uttarakhand Government