तनुज पाण्डे/ नैनीताल. देवभूमि उत्तराखंड के कई ऐसे युवा हैं, जो फिल्मी जगत में अपनी एक्टिंग का कमाल दिखा रहे हैं. हाल ही में बड़े पर्दे पर रिलीज हुई एनिमल फिल्म में भी उत्तराखंड की एक्ट्रेस तृप्ति डिमरी ने अपने शानदार अभिनय से लोगों का दिल जीता था. इसी क्रम को जारी रखते हुए अब उत्तराखंड के एक और युवा कलाकार बॉलीवुड में अपनी छाप छोड़ने को तैयार हैं. उत्तराखंड के नैनीताल निवासी दाऊद हुसैन को आमिर खान प्रोडक्शन की फिल्म में बड़ा ब्रेक मिला है. किरण राव के निर्देशन में बनी फिल्म ‘लापता लेडीज’ में दाऊद अहम भूमिका में नजर आएंगे. ये फिल्म 1 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. यह एक कॉमेडी ड्रामा फिल्म है.
लापता लेडीज फिल्म में भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन सहित स्पर्श श्रीवास्तव, प्रतिभा रांता आदि मुख्य भूमिका में हैं. इसके साथ ही इस फिल्म में गुंजन का अहम किरदार निभाने वाले नैनीताल निवासी दाऊद हुसैन भी शामिल हैं. दाऊद नैनीताल के रंगमंच के जाने-माने कलाकार मंजूर हुसैन के बेटे हैं. इससे पहले वो कैंडी और ट्रिप टू लद्दाख जैसी फिल्मों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं.
एनएसडी में निखरी प्रतिभा
दाऊद ने ‘लोकल 18’ से खास बातचीत में बताया कि वह बचपन से ही थिएटर कर रहे हैं. उनके पिता भी नैनीताल रंगमंच से जुड़े हैं. बचपन में उनका अभिनय देख उन्हें भी थिएटर करने की प्रेरणा मिली और बचपन से ही उन्होंने कई छोटे-बड़े नाटकों में अभिनय किया. साल 2014 में बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD DELHI) दिल्ली में दाखिला लिया और वहां से ही उनकी प्रतिभा को निखार मिला. उन्होंने बताया कि एनएसडी से पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पहली वर्कशॉप विकास मल्होत्रा के साथ की. उसके बाद कई छोटे-बड़े रोल के बाद उनकी बॉलीवुड में एंट्री हो गई.
तिगड़म और आर्या 3 में खास भूमिका
दाऊद बताते हैं कि नैनीताल से उनका बेहद लगाव है. नैनीताल में थिएटर भी काफी समय से हो रहा है. पहले थिएटर का स्तर बेहद अच्छा था लेकिन अभी थिएटर के स्तर में थोड़ा कमी आई है. हमें महानगरों के थिएटरों को देखकर सीखना होगा और अपनी गुणवत्ता में सुधार लाना होगा. नैनीताल में कई ऐसी छुपी प्रतिभाएं हैं, जिन्हें तराशने की जरूरत है. उन्होंने युवाओं से थिएटर या फिर उनकी इच्छानुसार किसी भी काम में अपनी निरंतरता बनाए रखने की अपील की. दाऊद ने कहा कि युवा इस उम्र में जो भी काम करें, उसमें अपनी निरंतरता बनाए रखें, यही सफलता की कुंजी है. उन्होंने बताया कि लापता लेडीज के अलावा वह जल्द ही तिगड़म और आर्या 3 में भी खास भूमिका में नजर आएंगे.
.
Tags: Local18, Nainital news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : February 2, 2024, 17:24 IST
