कमल पिमोली/ टिहरी गढ़वाल. पहाड़ों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, कमी है तो प्रतिभा को अवसर उपलब्ध कराने की. जब भी पहाड़ों की प्रतिभाओं को मौका मिलता है, तो ये प्रतिभाएं निखर कर सामने आती हैं. ये कहना है उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के रानीहाट क्षेत्र के रहने वाले देवेंद्र गौड़ का. वह पेशे से पत्रकार व सामाजिक कार्यकर्ता है. देवेंद्र बीते डेढ़ दशक से पहाड़ की महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए काम कर रहे हैं.
देवेंद्र गौड़ ने पहाड़ी क्षेत्रों में महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन कराते है . इन दिनों रानीहाट खेल मैदान में महिलाओं के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है. इसमें 40 की उम्र पार कर चुकी महिलाएं भी अपना हुनर दिखा रही हैं. देवेंद्र बताते हैं कि उन्होंने लड़कियों को क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से यह आयोजन शुरू किया था . शुरुआती समय में केवल आधा दर्जन टीम ही उनके पास आती थीं, लेकिन अब दूरदराज से भी लड़कियों की टीम यहां पहुंचती हैं.
पहाड़ों में रखी बालिका क्रिकेट टूर्नामेंट की नींव
देवेंद्र ने कहा कि कि पहाड़ों में क्रिकेट के प्रति दीवानगी किसी से छुपी नहीं है, लेकिन यहां हमेशा पुरुषों के लिए क्रिकेट मैच का आयोजन होता था, जिसे बदलकर उन्होंने लड़कियों और महिलाओं के लिए क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करने की ठानी. आज उनकी पहल इतनी रंग ला चुकी है कि कई अन्य क्षेत्रों में भी महिला क्रिकेट टूर्नामेंट हो रहे हैं. इस बार अगस्त में होने वाले बालिका क्रिकेट टूर्नामेंट में 50 से अधिक टीमों के बीच क्रिकेट प्रतियोगिता होनी है.
ये है देवेंद्र का सपना
देवेंद्र आगे बताते हैं कि पहाड़ की बेटियों को अक्सर मंच नहीं मिल पाता है, जिसके कारण उनके अंदर छुपी प्रतिभा निखर कर बाहर नहीं आ पाती है. ऐसे में खेलों में जिन लड़कियों की रुचि रहती है, उन्हें वह प्रशिक्षण भी देते हैं. उनका सपना है कि पहाड़ की बेटियां भी भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बने और उत्तराखंड की अन्य खिलाड़ियों की तरह पहाड़ का और देवभूमि का नाम रोशन करे.
महिलाओं में भी खासा उत्साह
देवेंद्र गौड़ जानकारी देते हुए बताते हैं कि इससे पूर्व रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, जखोली में भी बालिकाओं के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित हुई थी.अब महिलाओं में भी खेल को लेकर जोश देखने को मिल रहा है. खिलाड़ी सुषमा बिष्ट कहती हैं कि वह स्कूल में पीटीआई टीचर हैं. स्कूल में बच्चों को भी खेल की गुर सिखाती हैं और आज अपने दोस्तों के साथ उन्हें भी खेलने का मौका मिला.
.
Tags: Pauri Garhwal, Pauri Garhwal News, Pauri news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : February 13, 2024, 09:16 IST
