अल्मोड़ा. जहां एक ओर बीते मंगलवार से ही उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट किया गया था, तो वैसा ही नजारा विभिन्न जगहों में देखने को मिल रहा है. उत्तराखंड के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है. भारी बारिश के अलर्ट को लेकर मंगलवार को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र और स्कूल बंद करवा दिए गए थे. बीती रात से लगातार बारिश हो रही है. ऐसे में स्कूलों को बंद रखने संबंधी आदेश अभिभावकों और छात्रों को तब मिला, जब काफी स्टूडेंट स्कूल पहुंच गए या रास्ते में थे. अभिभावकों का कहना है कि अगर वक्त से इसकी जानकारी मिल जाती, तो बच्चों को बारिश में स्कूल न भेजना पड़ता. ऐसे में अधिकारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
दरअसल, पूरे प्रदेश भर में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. मंगलवार को आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों की छुट्टी के लिए जिलाधिकारियों द्वारा छुट्टी के निर्देश जारी किए गए थे, पर बुधवार को भी भारी बारिश देखने को मिली. अल्मोड़ा जिले में बुधवार की सुबह को छुट्टी के आदेश जारी किए गए, लेकिन आदेश जारी होते-होते कई बच्चे स्कूल पहुंच चुके थे या फिर आधे रास्ते में थे. जानकारी मिलते ही वे घरों को लौट गए. जिसके बाद अभिभावक अधिकारियों पर सवाल खड़े कर रहे हैं कि वक्त रहते जानकारी मिल जाती, तो इतनी बारिश में बच्चों को स्कूल न भेजना पड़ता.
दूरदराज क्षेत्रों में फोन कर दी जानकारी
इधर, लोकल 18 की टीम ने अल्मोड़ा के मुख्य शिक्षा अधिकारी एडी बलोदी से फोन पर बातचीत की, तो उन्होंने बताया कि जैसे ही जिला प्रशासन द्वारा छुट्टी संबंधी आदेश जारी किए गए, उनके द्वारा तमाम ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्रों और सरकारी स्कूलों के अलावा नगर क्षेत्र के स्कूलों में छुट्टी के आदेश सर्कुलेट किए गए. दूरदराज के इलाकों में भी फोन करके बताया गया.
Tags: Almora News, Govt School, Local18, UK News
FIRST PUBLISHED : July 3, 2024, 12:40 IST
