ओम प्रयास/हरिद्वार. उत्तराखंड के हरिद्वार में रोशनाबाद क्षेत्र के आन्नेकी-हेतमपुर ग्राम पंचायत की बागडोर इस बार युवा प्रधान के हाथ है. आन्नेकी-हेतमपुर के ग्राम प्रधान अंकित कुमार दो बार राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी खेल चुके हैं. 23 वर्षीय अंकित कुमार ने ठाना है कि गांव में शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ-साथ गांव का विकास ही अब उनके जीवन का मकसद है.अंकित कुमार बताते हैं कि उनके गांव के बच्चे शिक्षा लेने के लिए 6 से 7 किलोमीटर दूर पढ़ने जाते हैं. गांव वालों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए युवा प्रधान गांव में ही इंटर कॉलेज बनवाने के लिए कार्य कर रहे हैं. साथ ही उनका मानना है कि गांव में सरकारी स्वास्थ्य केंद्र भी खोला जाए, जिससे ग्रामवासियों को इलाज के लिए दूसरी जगह भटकना न पड़े.
ग्राम प्रधान अंकित कुमार ने ‘न्यूज 18 लोकल’ से बात करते हुए कहा कि गांव के लोगों की समस्या को देखकर वह राजनीति में आए. वह केवल गांव का विकास करने के लिए राजनीति में आए हैं. गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और साफ पानी जैसी मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के लिए वह काम कर रहे हैं. उनके गांव में पानी की सबसे बड़ी समस्या है, जिसमें गांव में ‘जल जीवन’ मिशन के तहत पानी की टंकी बन रही है, जिससे जल्द पानी की समस्या दूर हो जाएगी.
अंकित कुमार का कहना है कि उनके गांव के बच्चे स्कूल पढ़ने के लिए 6 से 7 किलोमीटर दूर जाते हैं. यह उनके लिए मुश्किल भरा होता है. वह गांव में ही इंटरमीडिएट कॉलेज खुलवाने के लिए प्रयासरत हैं. वहीं ग्रामवासियों के लिए गांव में स्वास्थ्य केंद्र भी जल्द ही खुलेगा, जिससे लोगों की स्वास्थ्य संबंधित समस्याएं दूर होंगी. अंकित ने बताया कि ग्राम सभा की जमीनों पर कब्जा भी किया गया है, उनसे जमीनों को कब्जा मुक्त कराया जाएगा.
बता दें कि आन्नेकी हेतमपुर गांव के युवा प्रधान अंकित कुमार कई बार हॉकी में स्टेट और दो बार नेशनल लेवल पर हॉकी खेल चुके हैं. आन्नेकी हेतमपुर गांव भारतीय हॉकी महिला टीम की पूर्व कप्तान वंदना कटारिया के गांव से सटा हुआ गांव है. इस गांव में अब तक कई प्रधान बने हैं लेकिन इस बार ग्रामीणों ने गांव के विकास के लिए इसकी बागडोर एक युवा के हाथ में दी है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Haridwar news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : December 10, 2022, 14:38 IST
