देहरादून. राजस्थान की तरफ से चल रही गर्म हवाओं की वजह से पहाड़ का मौसम बेहद गर्म हो गया है. अब बुधवार यानी 20 अप्रैल से चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नज़र आ रही है. मौसम विभाग ने 20 से 22 अप्रैल के दरमियान उत्तराखंड के कुमाऊं अंचल में पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश का अनुमान जताया है, तो पहाड़ों में ओले गिरने की संभावना भी दी है. इस बीच, मंगलवार का मौसम देहरादून समेत कई ज़िलों में गर्म बना हुआ है और पारा अभी और चढ़ने के आसार हैं.
मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल ज़िलों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए बताया था कि सोमवार और मंगलवार को यहां तेज़ गर्मी रहेगी. अब विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि कम से कम चार ज़िलों में 20 से 22 अप्रैल के बीच अच्छी बारिश हो सकती है और तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है. बीते हफ्ते दो दिन बारिश का दौर रहा था, जिसने गर्मी में कुछ राहत दी थी, लेकिन तबसे फिर तापमान चढ़ता ही दिखा.
किन ज़िलों में हो सकती है बारिश?
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं कहीं बारिश और ओले गिरने की संभावना है. राजधानी देहरादून समेत उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ ज़िलों में झमाझम बारिश हो सकती है, जबकि उत्तराखंड के अन्य ज़िलों में बादल छाए रहने या छिटपुट बरसात से तापमान गिरने के आसार हैं.
असल में, उत्तराखंड में सर्दी और बर्फबारी के लंबे दौर के बाद अब गर्मी भी रिकॉर्ड तोड़ पड़ रही है. राज्य में सबसे गर्म मौसम हल्द्वानी में दर्ज किया गया. यहां सोमवार को पारा 39.8 डिग्री पर पहुंच गया, जो कि राज्य में आम तौर से नहीं होता. अप्रैल में तापमान के 10 सालों के आंकड़े देखें तो पिछले साल 28 अप्रैल को इतना तापमान दर्ज किया गया था, लेकिन इस बार जल्दी इतनी गर्मी महसूस की जा रही है.
आपके शहर से (देहरादून)
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Uttarakhand news, Weather news









